लोकसभा चुनाव 2019 के लिए भाजपा एनडीए के सहयोगियों को मनाने की कोशिश में जुटी हुई है। पहले भाजपा ने महाराष्ट्र में शिवसेना और तमिलनाडु में AIADMK के साथ गठबंधन किया। बाद में आज यानी गुरूवार को पंजाब में अकाली दल के साथ मिलकर चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया है। पिछले लोकसभा चुनाव की तरह ही भाजपा और अकाली दल के बीच 2019 के लोकसभा चुनाव में सीटों पर सहमति बन गई है।
लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर भाजपा ने पंजाब में अपनी पुरानी सहयोगी पार्टी शिरोमणि अकाली दल से गठबंधन की घोषणा की है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट करके कहा कि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के साथ अकाली दल और भाजपा की पंजाब ईकाई के नेताओं की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा गठबंधन 2019 लोकसभा चुनाव साथ में लड़ेंगे।
सीटों का बंटवारा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बताया कि राज्य में अकाली दल 13 और भाजपा 3 लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। इससे पहले गुरुवार सुबह शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की थी।
दोनों दल पुराने फॉर्मूले पर ही लड़ेंगे चुनाव
हालांकि, इससे पहले राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि भाजपा ने शिअद से कुछ और सीटों की मांग की थी, लेकिन शिअद ने इसे खारिज कर दिया था। उस दौरान सुखबीर सिंह बादल ने कहा था कि दोनों दल पुराने फॉर्मूले के आधार पर ही चुनाव लड़ेंगे। यानी अकाली 10 और भाजपा 3 सीटों पर मिलकर चुनाव लडे़गी।
2014 की चुनावी दशा
2014 के लोकसभा चुनाव में भी पंजाब में अकाली 10 और भाजपा 3 सीटों पर चुनाव लड़ी थी राज्य में 2014 में हुए लोकसभा चुनावों में शिअद ने 4, आम आदमी पार्टी ने 4, कांग्रेस ने 3 और भाजपा ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की थी। लेकिन बाद गुरुदासपुर लोकसभा सीट पर विनोद खन्ना के निधन के चलते हुए उपचुनाव में कांग्रेस को जीत मिली थी। इस तरह से मौजूदा समय में भाजपा के पास एक ही सांसद है।
आपको बता दें कि भाजपा 2014 के चुनावी नतीजों को होने वाले लोकसभा चुनावों में दोहराने के लिए कमर कस चुकी है।
Tags: अमित शाह, गठबंधन, भाजपा, लोकसभा चुनाव 2019