लोकसभा चुनाव 2019 : मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट को लेकर बाजार में चर्चाएं जोरों पर हैं। करीना कपूर से लेकर बॉलीवुड के दबंग सलमान खान का नाम यहां से चुनाव लड़ने के लिए उछाला जा रहा है। लेकिन अब भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता रहे और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर का नाम भी रेस में है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बाबूलाल गौर से मुलाकात की है।
भाजपा के कद्दावर नेता पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर भोपाल से लोकसभा का चुनाव लड़ने का ऑफर दिया है। दिग्विजय के ऑफर पर बाबूलाल गौर ने विचार करने की बात कही है।
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर का कहना है कि उन्होंने दिग्विजय से सिर्फ इतना ही कहा है कि वे विचार करेंगे। इस बारे में अब तक कोई फैसला नहीं लिया है। गौर के मुताबिक दिग्विजय 18 जनवरी को उनके घर भोजन करने आए थे, उस दौरान मुझसे कहा कि भोपाल से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ें। मैने उनसे इतना ही कहा है कि मैं इस बारे में विचार करूंगा। विधानसभा चुनाव के बाद भी दिग्विजय सिंह बाबूलाल गौर के घर भोजन करने पहुंचे थे।
बता दें कि बाबूलाल गौर इससे पहले भी कई बार पार्टी के खिलाफ बयान देते रहे हैं और कांग्रेस नेताओं की तारीफ करते रहे हैं। ऐसे में दिग्विजय सिंह और उनकी मुलाकात ने अटकलों को एक बार फिर तेज कर दिया है।
गौरतलब है कि बीते दिनों इस प्रकार की चर्चाएं सामने आई थीं कि कांग्रेस पार्टी भोपाल से बॉलीवुड स्टार करीना कपूर खान को उतार सकती हैं। हालांकि, करीना ने ऐसी खबरों का खंडन किया था। इसके बाद सलमान खान को लेकर भी कयास लगाए जाने लगे थे।
हालांकि, बाद में कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने भोपाल में प्रियंका गांधी वाड्रा के समर्थन में भी पोस्टर लगवाकर कांग्रेस का उम्मीदवार बनाने की अपील की।
आपको बता दें कि हाल में मध्य प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बाबूलाल गौर को टिकट नहीं दिया था, वह राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और कई बार विधानसभा चुनाव भी जीत चुके हैं। जिसके बाद कहा जा रहा था कि वह पार्टी से नाराज हैं।
वहीं चुनाव प्रचार के दौरान और बाद में भी उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ की तारीफ की थी। मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने सहयोगियों के साथ मिलकर सरकार बना ली थी। भाजपा की नजर अब लोकसभा चुनाव पर है और शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में तैयारियों में जुटी है।
Tags: CM Kamal Nath, Congress, Rahul Gandhi, Shivraj Singh Chauhan, दिग्विजय सिंह, प्रियंका गांधी, बाबूलाल गौर, भाजपा, लोकसभा चुनाव 2019, शिवराज सिंह चौहान