वडकरा केरल के कोझिकोड जिले में एक समुद्रतटीय शहर है। इसे लोग वटकरा के नाम से भी पुकारते हैं लेकिन इसका पुराना नाम बडागरा है। ब्रिटिश राज में यह इलाका मद्रास राज्य के मालाबार जिले का हिस्सा रहा है। वडकरा लोकसभा सीट का अब तक सियासी सफर बड़ा ही दिलचस्प रहा है।
साल 2009 में कांग्रेस ने माकपा से वडकरा लोकसभा चुनाव को छीना और 2014 में भी कांग्रेस के ही उम्मीदवार एम रामचंद्रन ने जीत हासिल की लेकिन कांग्रेस के सामने चुनौती यह है कि अब इस सीट पर उसका वोट प्रतिशत घट रहा है, जबकि भाजपा यहां तीसरी ताकत के रूप में उभर रही है।
इस संसदीय क्षेत्र में सात विधानसभा क्षेत्र थलास्सेरी, कुथुपरम्बा, वटाकरा, नदापुरम, कुट्टीयाडी, कोयिललैंडी, पेरम्बरा आदि नाम से जाना जाता है। साल 1957 में हुए पहले आम चुनाव में यहां प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के के.बी. मेनन विजयी हुए थे। 1971 में पहली बार कांग्रेस कैंडिडेट के.पी. उन्नीकृष्णन को जीत मिली, तब से अब तक कुल चार बार कांग्रेस कैंडिडेट ने जीत हासिल की है।
उन्नीकृष्णन यहां से छह बार सांसद रह चुके हैं। हालांकि, एक बार वह कांग्रेस (यूआरएस) और तीन बार कांग्रेस (सोशलिस्ट) के टिकट पर जीते थे। साल 1996 में यहां पहली बार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी माकपा के कैंडिडेट ओ. भारतन को जीत मिली। इसके साथ ही 1996 से 2004 तक यहां लगातार चार बार माकपा जीती। 2009 में कांग्रेस ने यह सीट छीन ली और उसके कैंडिडेट मुल्लप्पल्ली रामचंद्रन विजयी हुए।
एम. रामचंद्रन दूसरी बार जीते लेकिन वोट घटे
साल 2014 के लोकसभा चुनाव में वडकरा सीट पर एक बार फिर से एम. रामचंद्रन ने बाजी मारी। वह यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी यूडीएफ की तरफ से कैंडिडेट थे। लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट की तरह से उम्मीदवार माकपा के ए.एन. शमसीर दूसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस के एम. रामचंद्रन को 4,16,479 वोट यानी करीब 43 फीसदी वोट मिले। दूसरे स्थान पर रहे माकपा कैंडिडेट ए.एन. शमसीर को कुल 4,13,173 वोट मिले। कांग्रेस के सामने चुनौती यह है कि उसका वोट घट रहा है। पिछले चुनाव में रामचंद्रन के वोट में करीब साढे़ पांच फीसदी की कमी आई है, जबकि भाजपा यहां तीसरी ताकत के रूप में उभर रही है और उसके वोट में 3 फीसदी से ज्यादा की बढ़त हुई थी। हालांकि, भाजपा कैंडिडेट वी.के. सजीवन को महज 76,313 वोट ही मिल पाए थे।
Tags: कांग्रेस, भाजपा, माकपा, लोकसभा चुनाव 2019, वडकरा लोकसभा सीट