यूपी के जालौन लोकसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है। राज्य की जालौन लोकसभा सीट पर अभी तक कुल 14 बार लोकसभा चुनाव हुए हैं। इनमें से पांच बार कांग्रेस और पांच बार ही भाजपा ने जीत हासिल की है। जबकि सपा, बसपा, जनता दल और लोकदल को एक-एक बार जीत मिली है। 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर पर सवार भाजपा ने यह सीट सपा से छीन ली थी। पहली बार 1991 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जालौन संसदीय सीट पर खाता खोला। भाजपा ने यहां से लगातार तीन बार जीत दर्ज की, लेकिन 1999 में बसपा से ब्रजलाल खाबरी मैदान में उतरे और जीतकर सांसद पहुंचे। 2004 में भाजपा ने इस सीट पर फिर वापसी की। 2009 में यहां पहली बार सपा को जीत मिली।
राजनीतिक व सामाजिक समीकरण
जालौन लोकसभा सीट पर 2011 के जनगणना के मुताबिक यहां रहने वाली 78.97 फीसदी ग्रामीण और 21.03 फीसदी शहरी आबादी है। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव के अनुसार इस लोकसभा सीट पर पांचों विधानसभा सीटों पर कुल 1904551 मतदाता और 2212 मतदान केंद्र हैं। अनुसूचित जाति की आबादी इस सीट पर 27.8 फीसदी है जबकि अनुसूचित जनजाति की आबादी 0.06 फीसदी है।
जालौन लोकसभा सीट पर पहली बार 1962 में चुनाव हुए, जिनमें कांग्रेस के रामसेवक सांसद बने। यहां पर कांग्रेस की जीत का सिलसिला 1971 तक कायम रहा, लेकिन 1977 के चुनाव में भारतीय लोकदल से रामचरण मैदान में उतरे और उन्होंने कांग्रेस से यह सीट छीन ली। हालांकि 1980 में कांग्रेस ने फिर वापसी की और यहां से नाथुराम सांसद चुने गए। इसके बाद 1984 में कांग्रेस ने दोबारा जीत दर्ज की, लेकिन 1989 में यहां जनता दल जीतने में कामयाब रही। इसके बाद कांग्रेस वापसी नहीं कर सकी है। मौजूदा समय में इस सीट पर भाजपा का कब्जा है।
जालौन लोकसभा सीट के तहत कुल पांच विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें भोगनीपुर, माधवगढ़, कालपी, उरई और गरौठा विधानसभा सीट है। इसमें उरई विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। मौजूदा समय में पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है।
2014 का चुनाव परिणाम
2014 के लोकसभा चुनाव में जालौन लोकसभा सीट पर 58.77 फीसदी मतदान हुआ था। इस सीट पर भाजपा के भानु प्रताप सिंह वर्मा ने बसपा के ब्रजलाल खाबरी को दो लाख 87 हजार 202 वोटों से मात देकर जीत हासिल की थी। 2014 के लोकसभा चुनाव परिणाम के अनुसार भाजपा के भानु प्रताप सिंह वर्मा को 5,48,631 वोट, बसपा के ब्रजलाल खाबरी को 2,61,429 वोट, सपा के घनश्यान अनुरागी को 1,80,921 वोट और कांग्रेस के विजय चौधरी को 82,903 वोट मिले थे।
Tags: गठबंधन, गरौठा विधानसभा सीट, जालौन लोकसभा सीट, भाजपा, लोकसभा चुनाव 2019, सपा-बसपा गठबंधन